बरहज। भलुअनी क्षेत्र के कुईंचंवर गांव में बृहस्पतिवार को डीएम दिव्या मित्तल के निर्देश पर जांच टीम पहुंची। जहां जांच टीम ने स्थलीय निरीक्षण और लोगों का बयान दर्ज करते हुए रिपोर्ट तैयार किया। डीएम से किए गए शिकायत में 1.95 लाख रुपये की कार्ययोजना का साक्ष्य छिपाने के लिए जिम्मेदारों द्वारा दोबारा कार्ययोजना तैयार कर इंटरलाकिंग कार्य कराने का आरोप है। भलुअनी बीडीओ तारकेश्वर नाथ तिवारी के नेतृत्व में दो सदस्यीय जांच टीम कुईंचंवर गांव पहुंची। जहां अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण करते हुए नजरी-नक्शा तैयार किया। वहीं गांव के कुछ लोगों से बातचीत के जरिये अलग-अलग बयान दर्ज किया। अधिकारियों के अनुसार कुईंचंवर गांव निवासी गौरव कुमार सिंह ने 10 जनवरी को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल से शिकायत किया था। शिकायती पत्र में उनका कहना है कि पोखरी की जमीन पर कार्य कराने के नाम पर 1,95,752 रुपये निकाल लिए गए हैं। साक्ष्य छिपाने के लिए जिम्मेदार कार्य योजना तैयार कर इंटरलाकिंग करा रहे हैं।