सलेमपुर। तहसील क्षेत्र के पकड़ी लाला गांव में लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद के निस्तारण के लिए शनिवार को राजस्व विभाग की टीम सक्रिय नजर आई। नायब तहसीलदार गोपाल जी राजस्वकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ गांव पहुंचे। विवादित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद प्रशासन ने रास्ते में अवरोध उत्पन्न कर रहे पक्के पिलर को हटवा दिए और अवैध कब्जे को लेकर सख्त चेतावनी दी। ग्राम सभा में भूमि को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। पूर्व में इस विवाद को लेकर मारपीट भी हो चुकी है। मामले में एक पक्ष के प्रवीण श्रीवास्तव की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। दूसरे पक्ष के बनवारी का कहना है कि संबंधित भूमि राजस्व अभिलेखों में अनुसूचित जाति की आबादी के रूप में दर्ज है। नायब तहसीलदार गोपाल जी ने बताया कि आराजी संख्या 193 प्रवीण श्रीवास्तव की भूमिधारी भूमि है। भूमि से अवैध कब्जा हटवा दिया गया है।