फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आफत की बारिश : शहर के मोहल्लों और मुख्य मार्ग बने तालाब

विज्ञापन
कलेक्ट्रेट परिसर में भरा बारिश का पानी। - फोटो : DEORIA
विज्ञापन
आफत की बारिश : शहर के मोहल्लों और मुख्य मार्ग बने तालाब
विज्ञापन

टूटी सड़कों पर पानी भरने से आवागमन में हुई मुसीबत, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
देवरिया। मूसलाधार बारिश से बृहस्पतिवार को शहर की सड़कें जलमग्न हो गईं। मुख्य मार्गों सहित गली-मोहल्लों में जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकांश मोहल्लों में नालियों की गंदगी भी सड़क पर फैल गई, इससे लोगों को निकलने में दिक्कतें उठानी पड़ीं। बारिश में शहर को जलभराव से निजात दिलाने को नगर पालिका द्वारा किए गए दावे खोखले साबित हो रहे हैं। तेज बारिश के बाद शहर की सड़कों पर हर साल की तरह इस बार भी जलभराव हो गया। बारिश के चलते शहर के कई मुख्य मार्गों राघव नगर, पुलिस लाइंस, वन विभाग, जिला अस्पताल रोड, न्यू कॉलोनी, रामगुलाम टोला, हनुमान मंदिर चौराहा, रामलीला मैदान जगहों पर जलभराव की समस्या हो गई है। वाहन सवार घुटने भर पानी से होकर आते जाते देखे गए। नगर पालिका सीमा के पास के इलाकों वाली नई बस्ती दानोपुर, खरजरवा, सकरापार, पिपरपाती, सोंदा, कठिनइया, पिड़रा, अमेठी, कतरारी, तिलई बेलवा आदि गांवों के खेत में मकान का निर्माण कर रहने वाले दूर-दराज के लोगों को बारिश के कारण आवागमन में दिक्कत हो रही थीं, क्योंकि अधिकतर जगहों पर कच्चा मार्ग है। कई जगहों पर ऐसा भी है, जहां पर लोगों के वाहन भी नहीं निकल पा रहे थे।
गड्ढों में भरा है पानी, आवागमन में मुसीबत
देवरिया। शहर के अधिकतर जगहों पर बारिश के कारण जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी टूटी सड़क पर है, जहां पर लोग फिसलते और गिरते रहे।
विज्ञापन

शहर के रामनाथ देवरिया मोड़े से कतरारी चौराहे तक सड़क पर कदम-कदम पर बने गड्ढे से लोग गिरते, फिसलते गुजर रहे थे। वाहन सवारी गड्ढे में पानी होने के कारण फंस जा रहे थे। महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज के गेट से साकेत नगर को जाने वाली सड़क निर्माणाधीन होने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। रागिनी मोड़ से रेलवे भूमि के पास सिंधी मिल कालोनी को जाने वाली सड़क पर गड्ढे होने से आसपास के लोगों के दरवाजे तक पानी भर गया था। पानी से बचने के लिए लोग ईंट के सहारे आ जा रहे हैं। न्यूकालोनी, रामनाथ देवरिया, उमा नगर, देवरिया खास, रामगुलाम टोला, चकियवां मोहल्लों में टूटी सड़कों पर पानी भरा होने से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं वाहन के गुजरने पर गड्ढों में भरे पानी का छींटा बगल से गुजर रहे लोगों पर पड़ रहा है, जिससे कपड़े खराब हो जा रहे थे।
कलेक्ट्रेट परिसर में जलभराव के बाद भी समय से पहुंचे डीएम
देवरिया। बारिश के कारण कलेक्ट्रेट परिसर में जलभराव हो गया था। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह खुद ही पानी पार कर अपने कक्ष में पहुंचे। जहां उन्होंने लोगों की फरियाद सुनीं। एसपी संकल्प शर्मा पुलिस लाइंस के पानी के रास्ते निकलते हुए ऑफिस पहुंचे। एसपी ऑफिस के परिसर में जलभराव के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कृषि विभाग, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला परिसर, जिला अस्पताल परिसर, सीएमओ कार्यालय के बाहर सड़क किनारे आदि जगहों पर जलभराव की समस्या देखने को मिली।
भगड़ा नाला पुल का एप्रोच घंसा
रुद्रपुर करहकोल मार्ग पर कई जगह कटी सड़क
बड़ी गाड़ियों का आवागमन बाधित
रुद्रपुर। तेज बारिश से रुद्रपुर क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। बुधवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से क्षेत्र में कई जगह सड़कों का भारी नुकसान हुआ है। रुद्रपुर करहकोल मार्ग पर तीन जगहों पर सड़क कट जाने से आवागमन प्रभावित है।
दो नदियों के बीच बसे दोआबा क्षेत्र में बारिश से भारी सड़कों को क्षति हुआ है। सूखे से धान की फसल नष्ट होने के बाद अब भीषण बारिश ने तिलहन, दलहन और मक्के की फसल चौटप हो गई है। भगड़ा नाला पुल के पास पक्की सड़क का एप्रोच आधा से अधिक कट जाने से इस मार्ग से होकर बड़ी गाड़ियां नहीं गुजर पा रही हैं। वहीं खोपा और हौली बलिया के पास सड़क घंस जाने से कई जगह गड्ढा बन गया है। सराव मार्ग पर जर्जर सड़क की गिट्टी बह जाने से चारों ओर रेनकट्स बन गए हैं। बारिश ने लोक निर्माण विभाग की सड़कों की मरम्मत की पोल खोल दी है। अभी हाल ही में मरम्मत की गई सड़कें भारी बारिश का बोझ नहीं झेल पाईं। राप्ती और गोर्रा नदी पर बने करीब 100 किलोमीटर बांध पर जगह-जगह दरार पड़ गए हैं। तिघरा मराछी, पलिया छपरा, पिड़रा भुसवल बांध पर शाही के मांद में बरसात का पानी जाने से बांध में दरारें दिखने लगी हैं।
बालू लदा ट्रक पलटा
भाजपा नेता की गाड़ी फंसी
एकौना। भारी बारिश में सड़क कटने से सरांव से पिड़रा जा रहा बालू लदा ट्रक पलट गया। ट्रक पलटने से आवागमन बाधित हो गया। इस दौरान उधर से गुजर रहे भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बंधु उपेंद्र सिंह की गाड़ी फंस गई। वह क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे। गाड़ी फंसने से नाराज नेता ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईन को फोन कर खरी खरी सुनाई। उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारी सरकार को बदनाम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार के गढ्ढा मुक्त अभियान के तहत हर सड़क की मरम्मत कराई गई। लेकिन मरम्मत कार्य में खामियों के कारण सड़के बदहाल हैं।
सड़कों पर जलभराव, घरों में घुसा नालियों का पानी
जाम नालियां बनीं नगरवासियों की मुसीबत
रुद्रपुर/एकौना। दो दिन से हो रही झमाझम बारिश से हर तरफ पानी भर गया है। नगर की सड़कों पर जलभराव से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गईं। जाम नालियां नगरवासियों के लिए मुसीबत बन गई हैं। नालियों का गंदा पानी उफनाकर लोगों के घरों में घुस गया। बृहस्पतिवार सुबह लोग घर और दुकानों में घुसे पानी को निकालने में जुटे रहे। वहीं पचरुखा से सरांव तक जाने वाली सड़क धंसने से बालू लदा ट्रक सड़क किनारे पलट गया, हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
विज्ञापन

नगर के बस स्टेशन से पुराना चौक मार्ग पर सुबह पानी लग गया। नालियों से बाहर निकला कचरायुक्त पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया। दुकानों में पानी लगने से हजारों रुपये की क्षति हुई। इस मार्ग पर हर बरसात में पानी लग जाता है। बस स्टेशन परिसर में जलभराव से बसे बाहर खड़ी करनी पड़ी। खजुहा चौराहे से गोरखपुर मार्ग पर जगह-जगह पानी लग गया। राहगीरों को आवागमन में दिक्कत झेलनी पड़ी। कोतवाली से रामजी सहाय पीजी कॉलेज मार्ग बारिश से भर गया। नगर के लाला टोली वार्ड, मस्जिद वार्ड, मलह टोली वार्ड, बरई टोला वार्ड में गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया। जलभराव से सरकारी दफ्तरों में कामकाज प्रभावित रहा। तहसील, ब्लॉक और बीआरसी परिसर में बारिश का पानी लग गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें