-पुलिस कस्टडी में वीडियो वायरल होने के बाद खंगाली जा रही रफ्तार के शागिर्दों की आईडी
-सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिख रहे मिस यू भैया रफ्तार, गैंग 307 और 302 के सदस्य रफ्तार के जेल जाने पर जता रहे दुख
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। सुरौली थाना क्षेत्र के गैंगस्टर नितेश यादव उर्फ रफ्तार यादव को चाहने वाले सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उसके शागिर्दों को पुलिस का खौफ नही दिख रहा। वह खुलेआम सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उसके समर्थन में पोस्ट डाल रहे हैं। इधर पुलिस कस्टडी में रफ्तार का एक और वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस उसके समर्थकों की आईडी खंगाल रही है।
गैंग से जुड़े सदस्य सोशल मीडिया पर मिस यू भैया लिख कर उसके साथ के फोटो को वायरल कर रहे है। क्षेत्र के एक दर्जन गांवों में सक्रिय गैंग 307 और 302 के सदस्य भी रफ्तार के जेल जाने पर दुख बयां कर रहे है। सोशल मीडिया पर रफ्तार और गैंग 302, 307 के सदस्यों की हरकत चर्चा में है।
सुरौली थाना क्षेत्र के उजरी भरौली गांव का नितेश यादव उर्फ रफ्तार यादव कई गांव के युवकों को जोड़ कर गैंग चला रहा था। क्षेत्र के कई मारपीट, लूट, छीनैती, राहजनी की घटनाओं के रफ्तार गैंग का नाम आने के बाद मदनपुर, सुरौली, रुद्रपुर, बरहज और देवरिया थाना क्षेत्र के अराजकतत्व युवक गैंग से जुड़ने लगे। तहसील के निकट युवक पर सरेराह फायरिंग और बरहज में रुद्रपुर मोड़ पर हवाई फायरिंग में भी रफ्तार गैंग के युवकों नाम आया। लार थाना क्षेत्र में पुलिस की मुठभेड़ में रफ्तार यादव के पकड़े जाने के बाद उसके शागिर्द इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स पर अपने दर्द को बयां कर रहे है।
इंस्टाग्राम पर रितेश यादव, दीपू यादव, प्रिंस आदि ने मिस यू जान मेरे, देवरिया सेंट्रल जेल एरिया लिखा है। सचिन, गिर, आतिफ ने नितेश यादव के साथ फोटो वायरल कर मिस्टर डिफाल्टर अहिर गैंग नाम से पोस्ट किया है। युदवंशी गैंग 307 और अहिरान रीशु गैंग सपा के नाम से गिरफ्तारी पर पोस्ट किया है। क्षेत्र के इमिलिहा, करमेल, बैरियाघाट, पकड़ी बाजार, फतेहपुर आदि गांव के युवकों ने नितेश यादव उर्फ रफ्तार की गिरफ्तारी पर फोटो और कमेंट सोशल मीडिया पर वायरल किया है।