भटनी। नगर के 116 नंबर रेलवे क्रॉसिंग से विकास चौक तक रेलवे द्वारा बनाई गई सड़क एक महीने में ही टूटने लगी है। इस पर नगरवासियों ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी शिकायत रेल महाप्रबंधक गोरखपुर से की है। लोगों ने टूटी सड़क का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया है, हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती है। भटनी नगर में 116 नंबर रेलवे क्रॉसिंग से विकास चौक तक सड़क जर्जर हो गई थी। रेलवे की जमीन होने के चलते चेयरमैन आदि ने इस सड़क के निर्माण के लिए लगातार पत्राचार किया था। ऐसे में हाल ही में यह सड़क रेलवे द्वारा बनवाया गया। आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया। मरम्मत कार्य के समय ही इसकी शिकायत रेलवे के संबंधित अधिकारियों से की गई थी, लेकिन इंस्पेक्टर ऑफ वर्क्स (आईओडब्ल्यू) द्वारा न तो स्थल का निरीक्षण किया गया और न ही गुणवत्ता की जांच कराई गई। समाजसेवी रामकेवल सैनी के नेतृत्व में नगरवासियों ने रेलवे के महाप्रबंधक के नाम पत्र भेज मामले की शिकायत की है। शिकायत में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच बाहरी अधिकारियों से कराए जाने की बात कही गई है। संवादी