गंभीर स्थिति में प्रेमी गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
पैकौली। सुरौली थाना क्षेत्र के एक गांव मेें प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को घरवालों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट दिया और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। उसी गांव के किसी ने फोन से प्रेमी के घर सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गंभीर स्थिति देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
रविवार रात सुरौली थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक उसी थाना क्षेत्र के एक गांव में फोन से बातचीत होने के बाद रात में प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। घर के बगल में दोनों को प्रेमिका के घर वालों ने देख लिया और युवक को पकड़कर लाठी-डंडे से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। फिर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। इसी बीच गांव के ही किसी व्यक्ति ने प्रेमी के घर फोन से सूचना दे दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने भी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसे इलाज कराने के लिए कहा तो परिवार के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। एसओ मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि लड़की के पिता सीतापुर में रहते हैं। प्रेमी के परिवार के लोग उसका इलाज करा रहे हैं। अभी तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।