रामपुर बुजुर्ग/सोहनपुर। बनकटा विकास खंड क्षेत्र पंचायत की बैठक में मंगलवार को कई विकास कार्यों के प्रस्ताव की स्वीकृति मिली। ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने कई मामलों को लेकर हंगामा किया। ब्लाक प्रमुख ने समझा बुझाकर सभी को शांत करा दिया। बैठक की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख बिंदा कुशवाहा ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम प्रधानों के सम्मान के लिए कोई भी लड़ाई लड़ने को तैयार हूं। बोर्ड की बैठक में जो समस्याएं उठाई जाएगी, उसे निश्चित रूप से पूरा कराने का प्रयास करुंगी। प्रधान प्रतिनिधि अनिल यादव ने सदन में दिए गए प्रस्ताव को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने बैठक में पशुपालन, बिजली समेत कई विभाग के अधिकारियों के न आने पर नाराजगी जताई। प्रधान चंदन शर्मा ने नल जल योजना में लापरवाही पूर्वक कार्य कराए जाने पर सवाल उठाया। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने आरोप लगाया कि कार्ययोजना देने के बाद भी कार्ययोजना में शामिल नहीं किया जाता है। ब्लाक प्रमुख ने खंड विकास अधिकारी राजीव गुप्ता को निर्देश दिया कि अगली बार से बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों की सूची बनाएं। ताकि उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई कराई जा सके। बैठक में मुख्य रूप से सहायक विकास अधिकारी पंचायत रविंद्र प्रसाद, रमेश प्रसाद, संजय सिंह, आनंद कुशवाहा, इंद्रजीत यादव, धर्मेन्द्र सिंह, चंदन शर्मा, उर्मिला देवी, उमाशंकर यादव, विजय प्रताप कुशवाहा, अमर सिंह, अखिलेश कुशवाहा, विद्यासागर प्रसाद, अजित कुमार आदि मौजूद रहे।