थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी कर घर लौटते ही दूल्हे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई दूल्हे की प्रेमिका की शिकायत पर की गई है। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक-युवती के बीच पिछले काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
दोनों अलग-अलग जाति के थे, इसलिए परिजन उनकी शादी को तैयार नहीं हुए। इस बीच युवक के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी। 25 फरवरी को इधर युवक की बरात निकली।
उधर, प्रेमिका ने थाने पहुंचकर तहरीर दे दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर मामले को शांत कर दिया। इसके बाद जब शादी कर युवक घर लौटा तो उसकी प्रेमिका फिर से थाने पहुंच गई।
उसने युवक पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया। मामला बिगड़ता देख पुलिस युवक के घर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर थाने चली गई। कुछ देर बाद युवती भी थाने पहुंच गई। दोनों पक्षों के बीच पूरे दिन सुलह-समझौता होता रहा, लेकिन शाम तक इसका कोई नतीजा नहीं निकला। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि युवती के तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।