सूबे के जेलों में बंदियों के लिए अब अनाज की आपूर्ति बरेली की फर्म करेगी। अब तक उप्र राज्य कर्मचारी कल्याण निगम की तरफ से चावल और गेहूं की आपूर्ति होती रही है। शासन ने समय से अनाज आपूर्ति नहीं करने और गुणवत्ता ठीक न होने के चलते यह निर्णय लिया है। शासन ने उप्र राज्य कर्मचारी कल्याण निगम को वर्ष 2008 में प्रदेश के जेलों में बंदियों के लिए गेहूं और चावल आपूर्ति का जिम्मा सौंपा गया था। तबसे निगम की तरफ से अनाज की आपूर्ति की जा रही थी। शासन को पता चला कि निगम की तरफ से अनाज की आपूर्ति समय से नहीं की जा रही है। गुणवत्ता ठीक नहीं होने से बंदियों की सेहत पर कुप्रभाव पड़ रहा है। उपभोक्ता संरक्षण और बाट-माप डेस्क इकाई के विशेष सचिव बाल कृष्ण त्रिपाठी ने अधिशासी निदेशक को पत्र भेजकर अवगत करा दिया है। विशेष सचिव ने कहा है कि चालू वित्तीय वर्ष के लिए जेलों में अनाज की आपूर्ति के लिए मेसर्स मंगलम फूड्स प्राइवेट लिमिटेड श्यामगंज, बरेली का चयन किया गया है।