सलेमपुर। देवरिया-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मनिहारी टंकी के पास स्थित कट संख्या सीएच 62-750 को बंद नहीं किया जाएगा। सपा सांसद रमाशंकर राजभर और राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम के सुझाव पर डीएम ने इसके लिए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग गोरखपुर को पत्र भेजा है। सलेमपुर के सपा सांसद रमाशंकर राजभर विद्यार्थी और प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने इस कट को बंद करने पर गंभीर चिंता जताई थी। दोनों नेअवगत कराया था कि यह महत्वपूर्ण कट ग्राम पंचायत मनिहारी होते हुए महुअवा, डुमवलिया, पड़री तिवारी जैसे कई गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ता है। यह मार्ग क्षेत्र के प्रमुख शिक्षण संस्थानों जैसे कंपोजिट विद्यालय डुमवलिया, विश्वनाथ उपाध्याय इंटर कॉलेज मनिहारी व पुरंदर शिक्षण संस्थान डुमवलिया का मुख्य संपर्क मार्ग भी है। इस मिडियम कट सीएच 62-750 को एनएचएआई की तरफ से सुरक्षा या अन्य कारणों से बंद करने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एनएच प्रखंड, गोरखपुर को पत्र भेजकर बताया है कि जनप्रतिनिधियों के सुझाव को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण कट को बंद न किया जाए। संवाद