भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते सदर सांसद डॉ. रमापतिराम त्
देवरिया। कोविड-19 से जूझते देश में इस बार के बजट में हेल्थ सेक्टर को सरकार ने पूरा महत्व दिया है। स्वास्थ्य के लिए आवंटन सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 2.1 प्रतिशत है। इससे मेडिकल के क्षेत्र में हमारा हाथ और मजबूत होगा।
ये बातें सदर सांसद डॉ. रमापतिराम त्रिपाठी ने बृहस्पतिवार को कहीं। वह आशीष पैरा मेडिकल कालेज नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर उमानगर में भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित बजट पर गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बजट में देश को साल 2047 तक एनीमिया मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने 157 नए नर्सिंग कॉलेज खोलने, फार्मास्यूटिकल्स में अनुसंधान को बढ़ाने का लक्ष्य बजट में रखा है। बजट में चिकित्सा उपकरणों के लिए समर्पित पाठ्यक्रमों की घोषणा की गई है। भविष्य में चिकित्सा प्रौद्योगिकी और कुशल मैनपॉवर की उपलब्धता कराने में यह कदम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बजट में अनुसंधानों पर जोर दिया गया है।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निकलकर एक बार हम फिर से आगे बढ़ रहे हैं, उसमें यह बजट बूस्टर का काम करेगा। प्रबंधक प्रदीप शाही ने बुके तथा प्रधानाचार्य जया व उप प्रधानाचार्य पुष्पा बरनवाल ने स्मृति चिन्ह देकर सभी का स्वागत किया। भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के सह संयोजक नरेंद्र तिवारी ने आभार व्यक्त किया। संचालन रामदास मिश्र ने किया। इस दौरान राजेश कुमार मिश्र, अजय कुमार दूबे, अंबिकेश पांडेय, डॉ. प्रवीण निखर, सुरेंद्र सिंह, आशुतोष सिंह, अभिषेक त्रिपाठी, अमीषा पांडेय, ज्योति पाठक, नित्यानंद पांडेय, वीरेंद्र सिंह, शुभम मणि, राहुल कुमार, जयप्रकाश मणि आदि मौजूद रहे।