लगातार दूसरे दिन सामान्य से ज्यादा रहा अधिकतम तापमान
अधिकतम 29 एवं न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तापमान
देवरिया। दिसंबर माह के पहले सप्ताह में दिन में लोग गर्मी से परेशान हो रहे हैं। दिन में धूप की वजह से लोग छांह तलाशते दिखे। सोमवार को अधिकतम 29 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि सुबह और शाम में ठंड गर्म कपड़े पहनने को मजबूर कर रही है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज बुखार, सिरदर्द, सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
बीआरडी पीजी कॉलेज के भूगोल विभाग के डॉ.उदयभान मद्धेशिया ने सोमवार को कहा कि पश्चिमी विक्षोभ प्रभाव धीरे-धीरे समाप्ति की ओर से है। हालांकि यह अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। बंगाल की खाड़ी में मिचौंग नाम से चक्रवात के आने से मंगलवार, बुधवार को जिले के मौसमपर भी इसका प्रभाव दिख सकता है।
मौसम गर्म, फसल की सिचाई जरुरी
कृषि विज्ञान केंद्र मल्हना भाटपारानी के कृषि वैज्ञानिक डॉ.रजनीश श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि दिसंबर माह के पहले सप्ताह में दिन में तापमान गर्म रह रहा है। इससे गेंहू की बुवाई पर तो कोई असर नहीं होगा। जो पौधे 20 दिन पहले बोए जा चुके हैं, उनकी सिचाई जरुरी है। दिन में गर्मी बढ़ने से पौधे के कल्ले प्रभावित होंगे।