रामपुर बुजुर्ग/बनकटा। स्थानीय थाने में तैनात एक दरोगा के बाइक पर संदिग्ध बैग लेकर घूमने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला अब गंभीर हो गया है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने इसे संज्ञान में लेते हुए जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक मामले की जांच भाटपाररानी के क्षेत्राधिकारी को सौंपी गई है। जांच अधिकारी ने संबंधित दारोगा से स्पष्टीकरण तलब किया है और बैग में क्या सामग्री थी। किस उद्देश्य से लेकर घूम रहे थे, इन बिंदुओं पर तथ्य जुटाए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इस घटना की चर्चा तेज है। लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मी का इस तरह संदिग्ध बैग के साथ सार्वजनिक स्थानों पर दिखना कई सवाल खड़े करता है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दरोगा पर विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि जांच चल रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद