गौरी बाजार/बखरा। कुंवर बखरा गांव निवासी राम लक्षन उर्फ भुवर (65) का शव शनिवार की सुबह फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, कुंवर बखरा निवासी राम लक्षन उर्फ भुवर आसपास के गांवों मेहनत-मजदूरी कर परिवार वालों का भरण पोषण करता था। उसके चारों बच्चों की शादी हो चुकी है। परिवार वालों ने बताया कि शुक्रवार की रात सभी सदस्य भोजन के बाद अपने घर में सो रहे थे। शनिवार की सुबह जब नींद खुली राम लक्षन को घर में न देखकर उसकी तलाश करने लगे। इस दौरान उसका शव लुंगी के सहारे मकान के छत की कुंडे से लटका मिला। यह देख परिवार वालों में कोहराम मच गया। ग्रामीण वहां जुट गए। किसी ने इसकी सूचना डायल 112 को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि राम लक्षन की किसी से रंजिश नहीं थी। प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद