डीएम और एसपी ने दुग्धेश्वरनाथ मंदिर पर मेले की तैयारियों का लिया जायजा।
रुद्रपुर। पौराणिक तीर्थ स्थल दुग्धेश्वरनाथ मंदिर पर महाशिवरात्रि को लगने वाले मेले की सुरक्षा व्यवस्था का डीएम और एसपी ने निरीक्षण किया। बृहस्पतिवार को उन्होंने मेला परिसर और मंदिर प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग के बारे में जानकारी ली। उन्होंने तहसील प्रशासन को मंदिर के अंदर, बाहर ड्रोन और सीसीटीवी लगवाने का निर्देश दिया। मंदिर परिक्षेत्र में पुलिस, पीएसी के साथ मेला प्रशासन और स्थानीय वालंटीयर भी मौजूद रहेंगे।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने मंदिर के गर्भगृह में भीड़ के आने जाने के बारे में निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गर्भगृह में भीड़ को नियंत्रण की अवस्था में ही भेजा जाएगा। जगह-जगह बैरिकेडिंग करा कर श्रद्धालुओं को जलाभिषेक कराने के लिए अंदर छोड़ा जाएगा। मेला परिक्षेत्र और मंदिर की सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। नगर पंचायत प्रशासन को सफाई और पथ प्रकाश दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस, पीएसी के साथ मंदिर प्रशासन के लोग भी मौजूद रहेंगे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पार्किंग स्थल और रुद्रपुर गोरखपुर मार्ग का रूट डायवर्जन किया जाएगा। स्काउट और एनसीसी के कैडेट में मंदिर की व्यवस्था में सहयोग करने में लगे रहेंगे। इस अवसर पर एसडीएम ध्रुव कुमार शुक्ला, सीओ पंचम लाल, कादम्बरी सिंह, ईओ कमलेश कुमार शाही आदि मौजूद रहे।