भाटपाररानी। बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर स्थित कस्तूरबा बालिका विद्यालय और कंपोजिट विद्यालय में बंदराें का आतंक है। वह अबतक कई छात्राओं को काट कर लहूलुहान कर चुका है। शुक्रवार को छात्रा परी गुप्ता को बंदर ने काट लिया। गांव के लोगों ने बंदर को खदेड़ा और वन विभाग समेत कई अधिकारियों को सूचना दी।
इससे पहले बंदर ने 25 जुलाई को छात्रा रोली चौहान पुत्री मुन्ना चौहान तथा कंपोजिट विद्यालय सोहनपुर के कक्षा दो की नंदिनी शर्मा व कस्तूरबा की कक्षा छह की सृष्टि को काट चुका है। इन सभी छात्राओं का इलाज बनकटा व भाटपाररानी अस्पताल में चल रहा है। इससे आसपास के गांव के लोगों में अपने बच्चों के प्रति दहशत है। उनका कहना है कि सूचना के बावजूद जिम्मेदार अलग-अलग उपाय बता कर पल्ला झाड़ रहे हैं। वन विभाग के अधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि बंदर पकड़ने का दायित्व वन विभाग के नियमावली से बाहर कर दिया गया है। एबीएसए संजीव कुमार सिंह ने बताया कि बच्चों की बंदर से सुरक्षा के लिए जो भी संभव होगा वह किया जाएगा। विद्यालय भेजने से अभिभावक छात्रों को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह बच्चों को विद्यालय नहीं भेजेंगे।