एसडीएम बरहज ने गठित किया टीम, भू माफिया पर शिकंजा कसने की तैयारी में प्रशासन
मईल। देवरहा बाबा आश्रम के करीब 200 चारागाह की भूमि पर कब्जा कर गेंहू की बुआई करने वालों की रिपोर्ट सिर्फ हल्का लेखपाल नहीं देंगे। बरहज एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दस राजस्वकर्मियों की टीम गठित किया है। सोमवार को चारागाह की पैमाइश कर जबरन गेहूं की बुवाई करने वाले भू माफिया की सूची तैयार कर रिपोर्ट देंगे।
महर्षि देवरहा बाबा आश्रम के चारागाह की 200 एकड़ जमीन भूमि पर मईल व मईलौटा के भू-माफियाओं ने अवैध रूप से गेहूं की बुवाई कर दी है। आश्रम के पीठाधीश्वर श्यामसुंदर दास ने इसकी शिकायत सीएम से की है। पीठाधीश्वर का आरोप है कि तत्कालीन डीएम अमित किशोर के प्रयास से वर्ष 2018 में चारागाह की भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया था। लेकिन भू माफिया इतने दबंग है कि राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से गेहूं की बुवाई कर लाखों रुपया मुनाफा कमाते हैं।
तहसीलदार ने हल्का लेखपाल से रिपोर्ट मांगी थी। लेकिन एसडीएम ने चारागाह की पैमाइश के लिए नायब तहसीलदार रविंद्र मौर्य के नेतृत्व में दस राजस्वकर्मियों की टीम गठित किया है, जिसमें दो कानूनगों और लेखपाल होंगे। बरहज एसडीएम अवधेश कुमार निगम ने बताया कि चारागाह की पैमाइश के लिए टीम गठित किया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अवैध तरीके से चारागाह पर कब्जा कर गेहूं की बुआई करने वालों पर कार्रवाई होगी।