फोटो सामचार.........
रात में भी राहत नहीं, कूलर-एसी दे रहे जवाब, तीन दिन बाद तापमान में गिरावट का अनुमान
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जून के दूसरे सप्ताह में गर्मी अपने चरम पर है। लगातार पारा चढ़ता जा रहा है। सुबह से ही आसमान से आग बरस रही है। धरती धधक रही है। रविवार को दिन का तापमान 43 के पास पहुंच गया। एसी व कूलर भी फेल हो गए हैं। दोपहर में शहर में सन्नाटा पसर जा रा रहा है।
जिले में पड़ रही गर्मी से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। पिछले कुछ दिनों से तापमान 43 डिग्री के पार होने की वजह से इंसान ही नहीं पशु-पक्षी भी बेजान नजर आने लगे हैं। गर्मी और लू का कहर इस कदर है कि लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं। बहुत जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं।
रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई, लेकिन रविवार को पारा फिर से एक डिग्री चढ़ गया।
हालत यह है कि दिन चढ़ते ही बाजार वीरान हो जा रहा है। शाम होने के बाद ही बाजार में रौनक लौट रही है। सूर्यदेव हर दिन अपना प्रचंड रूप दिखा रहे हैं। दिन ढलने तक शहर की मुख्य सड़क, मार्ग व बाजार वीरान नजर आए।
रविवार को सुबह 10 बजे ही गर्म हवा चलने लगी और 12 बजे तक प्रचंड लू ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया। यूं कहा जाए तो सुबह से दिन ढलने तक सूर्यदेव आसमान से आग बरसा रहे हैं। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
लू के थपेड़ों के चलते घरों में कैद हुए लोग
जून माह के दूसरे सप्ताह से ही गर्मी के तेवर तल्ख हो रहे हैं। गर्मी के चलते सुबह से सूर्य की किरणें रौद्र रूप धारण कर रही हैं। जैसे-जैसे दिन परवान चढ़ता है, वैसे-वैसे गर्मी तेज हो रही है। सुबह नौ बजे के बाद तो स्थिति भयावह हो जा रही है।
एसी, कूलर, पंखे भी नहीं दे पा रहे राहत
प्रचंड गर्मी से बचने के लिए लोग एसी, कूलर और पंखे का सहारा ले रहे हैं। लो वोल्टेज की समस्या के कारण इन उपकरणों से भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। दोपहर में जरूरी काम से निकले लोग पूरी तरह शरीर को ढके नजर आए। लोगों को दूरी तय करने में गमछा, छाता, टोपी आदि का सहारा लेना पड़ रहा है।
बुधवार तक पारा 40 पार रहने का अनुमान, बृहस्पतिवार से गिरेगा
जिले में पड़ रही भीषण गर्मी से जन-जीवन बेहाल है। इंसान की कौन कहे पशु-पक्षी भी गर्मी से परेशान हैं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी जिले के पारे में बुधवार तक गिरावट नहीं दर्ज की जाएगी। बृहस्पतिवार से अधिकतम तापमान 40 से नीचे जाने की उम्मीद है।
आने वाले नौ दिन के तापमान का विवरण
दिन अधिकतम न्यूनतम
सोमवार 42 डिग्री सेल्सियस 30 डिग्री सेल्सियस
मंगलवार 43 डिग्री सेल्सियस 30 डिग्री सेल्सियस
बुधवार 41 डिग्री सेल्सियस 29 डिग्री सेल्सियस
बृहस्पतिवार 39 डिग्री सेल्सियस 29 डिग्री सेल्सियस
शुक्रवार 39 डिग्री सेल्सियस 28 डिग्री सेल्सियस
शनिवार 39 डिग्री सेल्सियस 28 डिग्री सेल्सियस
रविवार 38 डिग्री सेल्सियस 29 डिग्री सेल्सियस
सोमवार 38 डिग्री सेल्सियस 28 डिग्री सेल्सियस
मंगलवार 37 डिग्री सेल्सियस 29 डिग्री सेल्सियस