दुष्कर्म के आरोपी तहसीलदार अभयराज
शादी का झांसा देकर चार माह से कर रहे थे शारीरिक शोषण, जबरन गर्भपात करवाने का भी आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। एक भाजपा नेत्री की शिकायत पर बुधवार को पुलिस ने रुद्रपुर के तहसीलदार अभयराज के खिलाफ दुष्कर्म और दवा खिलाकर जबरन गर्भपात कराने का केस दर्ज किया है। पीड़ित युवती ने तहसीलदार पर चार माह से शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पीड़ित महिला ने तहसीलदार की डीएम से शिकायत की थी। जिलाधिकारी ने मामले में एसपी को जांच के निर्देश दिए थे।
एसपी के निर्देश पर रुद्रपुर के सीओ जिलाजीत मामले की जांच कर रहे हैं। मंगलवार को सीओ दफ्तर में बयान देने गई युवती से तहसीलदार से विवाद हो गया। उसने तहसीलदार और उनके सहयोगियों पर मारपीट कर जबरन स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर बनवाने का आरोप लगाया। बुधवार को वह दोबारा डीएम दफ्तर पहुंच गई। उसने बताया कि वह भाजपा नेत्री है। करीब छह माह पहले किसी व्यक्ति का काम लेकर तहसीलदार के पास गई थी। इसके बाद आरोपी से नजदीकी बढ़ गई। मामला चर्चा में आने के बाद पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने पीड़िता की तहरीर पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस को अभियोग पंजीकृत कर जांच का निर्देश दिया। एसपी के आदेश पर पुलिस मूल रूप से प्रतापगढ़ निवासी तहसीलदार अभयराज पर दुष्कर्म, मारपीट और दवा खिलाकर गर्भपात कराने की धारा में केस दर्ज की। पीड़ित युवती ने कहा कि तहसीलदार उसे शादी का झांसा देकर चार माह से यौन शोषण कर रहे थे। उन्होंने दो माह पहले उसे दवा खिलाकर गर्भपात करवा दिया। जब उसने शादी करने के लिए दबाव बनाया, तो जान से मारने की धमकी दी। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा तो तहसीलदार ने अपने चेंबर में बुलाकर पिटाई की। युवती ने न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह की धमकी दी है।
आरोपी तहसीलदार अभयराज ने कहा कि युवती द्वारा लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद हैं। जांच में सच्चाई का खुलासा हो जाएगा। जांच टीम का सहयोग किया जाएगा।
-
कोतवाल उमेश बाजपेयी ने कहा कि तहरीर के अनुसार तहसीलदार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।