तहसील परिसर में घर पर बंद है ताला, गिरफ्तारी में चूक गई पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। भाजपा नेत्री के साथ दुष्कर्म करने वाला तहसीलदार फरार हो गया। विभाग ने उसे निलंबित कर दिया है। जबकि वह बुधवार को मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आराम से दफ्तर में काम निपटाने के बाद घर चला गया था। पुलिस की चूक के कारण वह सरकारी आवास में ताला बंद कर अब फरार चल रहा है।
आरोपी तहसीलदार अभयराज को जब उन पर केस दर्ज होने की भनक लगी तो वह बुधवार को अपने आवास पर चला गया। बृहस्पतिवार को वह कार्यालय नहीं पहुंचा और घर से फरार हो गया। मुकदमा पंजीकृत होने के बाद पुलिस तहसील में तलाश में पहुंची, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उधर पीड़ित महिला व भाजपा नेत्री का पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद बृहस्पतिवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराया। प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले तहसीलदार अभयराज रुद्रपुर तहसील में करीब दो साल से तैनात हैं। उन पर महिला नेत्री ने यौन शोषण और गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने उसकी शिकायत जिले के आला अधिकारियों से की थी। बुधवार को एसपी संकल्प शर्मा के आदेश पर आरोपी तहसीलदार पर दुष्कर्म, मारपीट और जबरन गर्भपात करवाने के आरोप में केस पंजीकृत किया गया। दो दिन से तहसील में घटना को लेकर चर्चाओं का माहौल गर्म है। तहसीलदार के स्थान पर अभी किसी की तैनाती नहीं होने से तहसील का कामकाज ठप चल रहा है। जाति, आय, निवास और अन्य प्रमाण पत्रों के लिए लोग परेशान हैं। इस बाबत प्रभारी निरीक्षण उमेश बाजपेयी ने कहा कि आरोपी तहसीलदार के गिरफ्तारी का प्रयास चल रहा है। पीड़ित महिला का मेडिकल कराकर न्यायालय में बयान दर्ज करवा दिया गया है। जबकि वहीं बृहस्पतिवार को राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव पीएन सिंह ने आरोपी तहसीलदार को निलंबित कर दिया है। साथ ही उसे निलंबन की अवधि में मंडलायुक्त कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
इससे पहले भी सरकारी कर्मचारी महकमें के माथे पर लगा चुके हैं कलंक
तहसीलदार के दामन पर दाग लगने की पहली घटना सरकारी महकमे की नहीं है। इससे पहले भी कई विभाग के कर्मचारियों के दामन दागदार हो चुके हैं। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है। उन्हें जेल भी जाना पड़ा है। करीब दो साल पहले सलेमपुर के कोतवाली के इंस्पेक्टर पर अश्लील हरकत करने का एक महिला ने आरोप लगाया था, जिस कारण उसे जेल जाना पड़ा था। जिले में तैनात एक डिप्टी एसपी पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इस मामले में उनका स्थानांतरण होने के कारण लखनऊ में मामला दर्ज हुआ था। करीब एक साल पहले एक सिपाही ने एक युवती के साथ झांसा देकर शादी करने का वादा किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में भी मुकदमा दर्ज हुआ था।
कोट-
आरोपी रुद्रपुर के तहसीलदार अभयराज को आयुक्त सचिव ने निलंबित कर दिया है। उन्हें मंडलायुक्त कार्यालय से निलंबन की अवधि में संबद्ध कर दिया गया है। इसकी जानकारी मुझे मिली है।
जितेंद्र प्रताप सिंह जिलाधिकारी, देवरिया