सलेमपुर। एक महिला की बैनामे की भूमि के सामने पीडब्ल्यूडी की भूमि पर एक व्यक्ति वर्षों से कब्जा किया था। पीड़ित ने इसकी शिकायत डीएम की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में की थीं। डीएम ने इसकी जांच नायब तहसीलदार को सौंपी। जांच में सही मिलने पर बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन ने बुलडोजर लगाकर अवैध कब्जा को ध्वस्त करा दिया। नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन भठवां धरमपुर वार्ड निवासी रेशमा परवीन पत्नी शकील अहमद शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस एक शिकायती पत्र डीएम को दिया था। इसमें पीड़ित ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव के एक व्यक्ति उनके बैनामे की भूमि के आगे पीडब्ल्यूडी की जमीन पर वर्षों से अवैध रूप से कब्जा कर बैठा है। बार बार कहने के बावजूद जगह खाली नहीं कर रहा है। पीड़ित की बात सुनकर डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए नायब तहसीलदार डॉ. भागीरथी सिंह व कोतवाल गोपाल पांडेय को तत्काल कब्जा हटवाने तथा कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में नायब तहसीलदार के नेतृत्व में गठित राजस्व टीम व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर से तोड़वा दी। नायब तहसीलदार डॉ. भागीरथी सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर चलाया गया है। अतिक्रमणकारी को फोन कर बुलाया गया, लेकिन वह मौके पर नहीं आया। अतिक्रमण पूरी तरह से खाली कर दिया गया है। संवाद