सलेमपुर। लार नगर के एक कॉलेज के छात्रों के दो गुटों के बीच एक सप्ताह पूर्व विवाद हो गया था। इस बात से खार खाए एक पक्ष के छात्र ने बृहस्पतिवार को बाहरी युवकों को बुला लिया। आरोप है कि मौके पर लाठी-डंडे के साथ पहुंचे युवकों ने एक छात्र की पिटाई कर सिर फोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर आठ को दबोच लिया। सभी से पूछताछ की जा रही है। उधर घायल छात्र का सीएचसी लार में उपचार कराया गया।
लार नगर के एक कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र एक सप्ताह पूर्व वर्चस्व को लेकर आपस में भिड़ गए। उस दौरान शिक्षकों के हस्तक्षेप से किसी तरह मामला शांत हो गया। इसके बाद छात्रों को फटकारलगा काॅलेज प्रशासन ने दोबारा विवाद नहीं करने की बात कह छोड़ दिया। आरोप है कि उस दिन के विवाद से खार खाए एक पक्ष के छात्र ने पांच छात्रों की फोटो सोशल मीडिया के जरिए बाहरी युवकों को भेज चिह्नित कर पिटाई करने को कहा था। इसके बाद लार के मठ वार्ड के समीप पहुंचे छात्र के साथी युवकों को ढूंढने लगे।
पांचों छात्र कॉलेज के समीप मिल गए। देखते ही एक युवक ने छात्र कृष्ण (17) पर डंडे से हमला कर सिर फोड़ दिया, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा। साथी छात्र को पिटता देख अन्य चार छात्र भागने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस आठ युवकों को हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक कपिलदेव चौधरी ने बताया कि छात्रों के बीच मारपीट हुई है। कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। किसी ने तहरीर नहीं दी है।
एक साल में छह से अधिक छात्रों का विवाद में फट चुका है सिर
लार नगर के एक कॉलेज के छात्र आए दिन आमने-सामने होते रहते हैं। एक वर्ष में अब तक छह से अधिक छात्रों का विवाद में सिर फट चुका है। सूत्रों की मानें तो जिस प्रकार से बृहस्पतिवार को एक छात्र के बुलाने पर दो सौ से अधिक युवक मारपीट करने पहुंचे थे। उस दौरन कोई अप्रिय घटना हो सकती थी।