देवरिया। बलिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में 11 से 13 फरवरी तक आयोजित आमंत्रण स्टेट वॉलीबॉल प्रतियोगिता में देवरिया छात्रावास की 12 सदस्यीय टीम भी भाग लेगी। टीम की घोषणा कर दी गई है। चयनित सभी खिलाड़ी तैयारियों में जुटे हुए हैं। खेल निदेशालय की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय वॉलीबॉल और क्रिकेट छात्रावास संचालित हो रहा है। यहां तीन चरणों के ट्रायल के बाद हर वर्ष खिलाड़ियों को प्रवेश दिया जाता है। देवरिया छात्रावास की वॉलीबॉल टीम सीधे स्टेट में प्रतिभाग करती है। बलिया में आयोजित आमंत्रण स्टेट प्रतियोगिता के लिए टीम की घोषणा शनिवार को कर दी गई। टीम में सलमान, आबिद, आदित्य गुप्ता, निखिल सिंह, अनुराग सिंह, आदित्य राय, अभिषेक यादव, अबु हम्मजा, मुदस्सिर, आसिफ खान, शिव मलिक, वीर चौधरी का चयन किया गया है। वॉलीबाॅल प्रशिक्षक लालू सिंह यादव ने बताया कि टीम तैयारी कर रही है। जिला क्रीड़़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि बलिया में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में देवरिया छात्रावास की टीम मजबूती से अपनी दावेदारी पेश करेगी। प्रशिक्षक की देखरेख में टीम वहां 10 फरवरी को ही रवाना हो जाएगी।