- राजकीय शिक्षक संघ के सदस्यों ने सहयोग राशि एकत्रित करने में निभाई अग्रणी भूमिका
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। यूपी बोर्ड परीक्षा-2024 की उत्तर पुस्तिकाओं को मुजफ्फरनगर के मूल्यांकन केंद्र पर पहुंचाने गए राजकीय हाई स्कूल, महगांव, वाराणसी के शिक्षक धर्मेंद्र कुमार की हत्या सुरक्षा में लगे आरक्षी ने कर दी थी। उनके आश्रित परिजनों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के लिए राजकीय शिक्षक संघ देवरिया के बैनर तले राजकीय शिक्षक व शिक्षिकाओं ने जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सहयोग राशि एकत्रित करने का संकल्प लिया।
राजकीय शिक्षक संघ के जिला कोषाध्यक्ष विकास चंद तिवारी ने बताया कि मात्र दो दिनों में ही आपसी सहयोग से लगभग एक लाख का आंकड़ा पार कर लिया गया। इसमें जनपद के उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन केंद्र जीआईसी से प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा, जिला संयोजक हरि कुमार मिश्र, जिला मंत्री डॉ. देवेंद्र तिवारी की टीम ने लगभग 69 लोगों के सहयोग से 51,000 रुपये की सहयोग राशि इकट्ठा की। वहीं, अशोक इंटरमीडिएट रामपुर कारखाना मूल्यांकन केंद्र से प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र नाथ पांडेय, डॉ. अतुल कुमार पांडेय, विकास चंद तिवारी की टीम के सहयोग से 137 लोगों के सहयोग से लगभग 32,390 रुपये एकत्रित किए गए। इसी तरह एसएसबीएल इंटर कॉलेज के मूल्यांकन केंद्र से डॉ. राजेश मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार पांडेय, असीम चौधरी, हरि कुमार मिश्र, डॉ. शेषनाथ चौहान की टीम ने 32 लोगों के सहयोग से लगभग 9590 रुपये एकत्रित किया। मूल्यांकन केंद्र लाला करमचंद थापर इंटर कॉलेज बैतालपुर से प्रधानाचार्य गोविंद मणि त्रिपाठी, सुरेश तिवारी, बिना मिश्रा, अमित साह, डीके मौर्य की, हरी मिश्रा, डॉ. शेषनाथ चौहान की टीम ने 58 लोगों से लगभग 23,740 रुपये की सहयोग राशि के रूप में एकत्रित की। इस तरह से सभी राजकीय स्कूल के शिक्षकों ने अपने अपने मूल्यांकन केंद्रों पर मूल्यांकन कर रहे राजकीय, माध्यमिक और वित्तविहीन शिक्षक/शिक्षिकाओं से लगभग 1,16,720 रुपये की धनराशि एकत्रित कर जिला मंत्री डॉ. देवेंद्र तिवारी व जिला संयोजक को सौंप दी।