माध्यमिक शिक्षक संघ ने कार्यालय पर पांच घंटे तक दिया धरना
देवरिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर पांच घंटे तक धरना दिया। वक्ताओं ने शिक्षकों को प्रताड़ित व भेदभाव करने के साथ ही डीआईओएस पर कार्यालय में न बैठने एवं कर्मचारियों के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। एडीआईओएस राजेंद्र कुमार सरोज को मांगों का ज्ञापन दिया।
प्रांतीय अध्यक्ष सोहनलाल वर्मा ने आरोप लगाया कि डीआईओएस कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। डीआईओएस कभी समय से अपने कार्यालय में नहीं बैठते। वह शिक्षकों की समस्या का समाधान करने में रुचि नहीं दिखाते। देवरहा बाबा इंटर कॉलेज देवरिया के दो शिक्षकों का निलंबन वापस लेने में विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उन्हें परेशान कर रहे हैं। धरने को मैनुद्दीन अंसारी, बृजेंद्र कुमार, सुधाकर, डॉ.घनश्याम तिवारी, उमाशंकर लाल श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा, राजीव यादव, सुरेश सिंह आदि ने संबोधित किया।