फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: जय हिंद बोलने पर शिक्षकों में जूतमपैजार, बीएसए ने चार को किया निलंबित

Sun, 24 Dec 2023 12:02 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रार्थना सभा के दौरान मारपीट के बाद स्कूल में मची भगदड़, विद्यार्थी स्कूल से भागे
विज्ञापन

मारपीट करने वाले चार शिक्षक पूरे दिन पुलिस हिरासत में रहे, दो को मिली चेतावनी




सलेमपुर/चनुकी। कंपोजिट विद्यालय धरहरा में शनिवार को प्रार्थना सभा के दौरान जय हिंद बोलने को लेकर शिक्षकों के बीच जूतम पैजार हो गई। इस दौरान अफरातफरी के बीच छात्र-छात्राएं स्कूल से भागने लगे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर कुछ शिक्षक भाग गए। पुलिस ने मौके से चार शिक्षकों को पूरे दिन हिरासत में रखने के बाद शाम को छोड़ दिया। उधर, बीईओ की रिपोर्ट पर बीएसए ने चार सहायक शिक्षकों को निलंबित कर कर दूसरे स्कूल से संबद्ध कर दिया है। प्रधानाध्यापक और एक सहायक शिक्षक को कड़ी चेतावनी दी गई है।
शनिवार की सुबह लार थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय धरहरा में प्रार्थना सभा चल रही थी। इस दौरान जय हिंद बोलने को लेकर दो शिक्षक आपस में भिड़ गए। इसके बाद वहां मौजूद शिक्षकों में दो गुट हो गया और लात-मुक्के चलने लगे। यह देखकर बच्चों में भगदड़ मच गई। भागते हुए बच्चे विद्यालय परिसर से बाहर निकले तो शोर सुनकर लोग स्कूल के तरफ दौड़ पड़े। शिक्षकों के बीच मारपीट होते देखकर कुछ लोग बीचबचाव करने पहुंच गए।
विज्ञापन


सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर मारपीट कर रहे कुछ शिक्षक भाग गए। पुलिस शिक्षक अरूण कुमार सिंह, धर्मेंद्र कुमार वर्मा, अनय कुमार, संजय कुमार शिक्षकों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। उधर, मौके पर पहुंचे बीईओ निर्भय नारायण सिंह ने प्रभारी प्रधानाध्यापक रामविलास व सहायक अध्यापक तथा छात्रों का बयान दर्ज किया। गांव के प्रधान प्रभु साहनी ने बताया कि गुरुजनों के बीच मारपीट की घटना सुनकर लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस के आने के बाद मामला शांत हुआ। कुछ दिनों से शिक्षक किसी न किसी बात को लेकर उलझा करते हैं। मारपीट होने के चलते शनिवार को विद्यालय में पढ़ाई नहीं हुई।
लार बीआरसी से थाने पर पहुंचे शिक्षक नेताओं ने घटना की जानकारी ली और मारपीट करने वाले शिक्षकों के बीच सुलह-समझौता करा दिया। शाम करीब चार बजे तक हिरासत में रखे जाने के बाद पुलिस ने शिक्षकों को छोड़ दिया। वहीं बीईओ रिपोर्ट पर बीएसए शालिनी श्रीवास्तव ने सहायक अध्यापक अरूण कुमार सिंह, अनय कुमार, धर्मेंद्र कुमार वर्मा, संजय कुमार अमर्यादित वार्तालाप, जय हिंद बोलने पर आपस में मारपीट कर स्कूल का माहौल बिगाड़ने पर निलंबित कर दिया गया। साथ ही प्रधानाध्यापक रामविलास और सहायक शिक्षक कमल किशोर को चेतावनी देते हुए तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
-




पहले भी हो चुकी थी तकरार

मारपीट के बाद जब बीईओ पहुंचे तो बच्चों ने बताया कि स्कूल के एक गुरुजी जय हिंद बोलने पर मारते हैं, इसी बात को लेकर दूसरे गुरुजी से अक्सर कहासुनी होती थी। प्रार्थना सभा के दौरान भी एक गुरुजी जय हिंद बोलवा रहे थे तो दूसरे गुरुजी ने विरोध किया। इसी बात को लेकर मारपीट हो गई। गांव वालों की माने तो इस मुद्दे को लेकर दो-तीन माह से शिक्षक आपस में उलझ रहे हैं। बच्चों को पढ़ाते कम हैं, राजनीतिक चर्चाएं अधिक करते हैं। विभागीय अफसरों को भी इसको लेकर गंभीर होने की जरूरत है। मारपीट के बाद विभाग सक्रिय हुआ। इसके पहले कार्रवाई हुई होती तो शायद ऐसी घटना नहीं हुई होती। अब तो बच्चों को स्कूल भेजने पर भी सोचना पड़ेगा।



-

दो बच्चों की तबीयत बिगड़ी


कंपोजिट विद्यालय धरहरा में करीब 218 बच्चों को पढ़ाने के लिए नौ शिक्षकों की तैनाती की गई है। गांव वालों का कहना है कि प्रतिदिन स्कूल समय से नहीं खुलता था। आज भी प्रार्थना सभा विलंब से हो रही थी। शिक्षकों के बीच मारपीट होते देख दो बच्चों की तबियत भी बिगड़ गई। घर वाले इलाज के लिए उन्हें भागलपुर सीएचसी पर ले गए। सोशल मीडिया पर भी शिक्षकों की यह करतूत तेजी से वायरल हो रही है।

-

शिक्षकों के मारपीट की सूचना पर जांच के लिए बीईओ को निर्देश दिया गया था। बीईओ की जांच रिपोर्ट पर तत्काल प्रभाव से चार शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। चारों शिक्षकों को दूसरे स्कूल पर संबद्ध कर दिया गया है। प्रधानाध्यापक और एक सहायक शिक्षक को चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। - शालिनी श्रीवास्तव, बीएसए
विज्ञापन


स्कूल में शिक्षकों ने जय हिंद बोलने को लेकर आपस में मारपीट की थी। चार लोगों को हिरासत में लिया गया था। आपस में सुलह-समझौते के बाद उन्हें शाम को छोड़ दिया गया। - कपिलदेव चौधरी, लार इंस्पेक्टर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें