थाना क्षेत्र के नरौली संग्राम पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सामने टाटा मैजिक ने एक बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार 50 वर्षीय अधेड़ समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटी भीड़ और पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजवाया। जहां डाक्टर ने अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। उधर, टक्कर के दौरान मैजिक में बाइक फंस गई थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।
खुखुंदू क्षेत्र के बैरौना गांव निवासी पारस मिश्रा उम्र 50 वर्ष मंगलवार की सुबह किसी कार्यशव खुखुंदू चौराहे पर आए थे। उनके साथ सदर कोतवाली क्षेत्र के बदली निवासी शिवम सिंह उम्र 30 वर्ष भी पीछे बाइक पर बैठकर आया था।
यहां से लौटते समय दोनों लोग बाइक लेकर अभी देवरिया सलेमपुर फोरलेन पर नरौली संग्राम पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सामने पहुंचे थे कि देवरिया के तरफ से आ रहे टाटा मैजिक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और बाइक मैजिक में जा फंसीं।
घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजवाया। जहां डाक्टर ने पारस मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि घटना के बाद मैजिक छोड़कर चालक भाग निकला। दोनों घायलों में एक की मौत हो गई है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।