तरकुलवा। थाना क्षेत्र के परास खाड़ गांव में तीन माह पूर्व दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में दोनों तरफ से हत्या के प्रयास का केस दर्ज है। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ने शाम को गांव पहुंच कर दोनों पक्षों का बयान दर्ज किया। इसके बाद वे वापस जिला मुख्यालय लौट गए।
ग्राम परास खाड़ निवासी श्री यादव और श्रीकांत यादव के बीच चार जून को जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई थी। इसमें दोनों तरफ से आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों ओर के आधा दर्जन नामजद समेत 20 अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। लेकिन, इस मामले में एक पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा जान बूझकर हत्या के प्रयास की धारा बढ़ाई है।
इसी मामले में जांच करने अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र चौधरी ने गांव पहुंचकर पीड़ितों का बयान दर्ज किया। उन्होंने अगल-बगल के लोगों से भी घटना के बाबत पूछताछ की। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 307 की धारा बढ़ाई गई है।