डीएम की अध्यक्षता में एनसीओआरडी की हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री रोकने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग धंधेबाजों के खिलाफ संयुक्त रूप से कार्रवाई करें। सीमावर्ती क्षेत्रों विशेषकर अंतरराज्यीय व अंतर्जनपदीय सीमा पर चौकसी बरती जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने एनआईसी में मंगलवार को आयोजित एनसीओआरडी की बैठक में पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों को दी। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी के संबंध में इंटेलिजेंस इनपुट बढ़ाया जाए। हाल ही के दिनों में आजमगढ़, बलिया और मऊ में चरस, गांजा, अफीम जैसे नशीले पदार्थों की खेप पकड़ी गई है। जिलाधिकारी ने ड्रग निरीक्षक को मेडिकल स्टोर्स की जांच करने एवं पंजीकृत चिकित्सक के मेडिकल प्रिसक्रिप्शन पर ही दवा विक्रय सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कई लोग दवाओं का प्रयोग नशे के लिए कॉम्बिनेशन ड्रग्स के रूप में कर रहे हैं। प्रत्येक मेडिकल स्टोर पर जन जागरूकता के संबंध में बैनर लगाया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि नशे के विरुद्ध जन जागरूकता के लिए विद्यालयों एवं कॉलेजों में कार्यक्रम संचालित किए जाएं।