मेहरौनाघाट। लार ब्लॉक के सुतावर का ग्राम पंचायत भवन चालू होने के पहले ही जर्जर हो गया है। प्लास्टर उखड़ गया है। दरवाजे टूट चुके हैं। पानी व बिजली की सुविधा से वंचित है, जिससे पंचायत भवन में कोई कार्य नहीं हो रहा है।
गांव के समग्र विकास के लिए ग्राम प्रधान तथा चयनित वार्ड सदस्य गांव को नागरिकों के साथ बैठकर गांव के विकास की रूपरेखा तैयार करते हैं। कार्य योजना बनाते हैं। सरकार ने ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत भवन बनवाया है, ताकि यहां खुली बैठकें हो सकें। लार के ग्राम पंचायत सुतावर में वर्ष 20-21 में पंचायत भवन का निर्माण कराया गया था, लेकिन बनने के बाद आज तक पंचायत भवन चालू नहीं हो सका है। पंचायत भवन की स्थिति वर्तमान समय में बद से बदतर है। पंचायत भवन की हालत ऐसी है कि रोशनदान टूट चुके हैं। चौखट से दरवाजे टूट चुके हैं। लगभग तीन साल में ही भवन जर्जर होने लगा है। फर्श टूट गया है, प्लास्टर उखड़ रहा है, न तो यहां बिजली है न पंखे का पता है, हैंडपंप भी गायब है।
सुतावर गांव के अशोक तिवारी बताते हैं कि पंचायत भवन चालू नहीं होने से बहुत दिक़्क़त होती है। समय से न प्रधान मिलते हैं न सचिव मिलती हैं। इस संबंध में प्रधान व्यासमुनि गोंड ने बताया कि पंचायत भवन में लाइट नहीं होने से कोई जाता नहीं है। जेई से दो साल पहले लाइट लगवाने के लिए कहा था, लेकिन इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया।