देवरिया के भलुअनी थाना क्षेत्र के बारीपुर चौराहे पर संदिग्ध परिस्थितियों में मंगलवार रात एक अधेड़ की मौत हो गई। शव बुधवार सुबह घर के पीछे छड़ से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खुखुन्दू थाना क्षेत्र निवासी मृतक रामध्यान कुशवाहा पिछले 4-5 वर्ष से बारीपुर चौराहे पर मकान बनवाकर मिठाई की दुकान चलाते थे। चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। पत्नी सरस्वती देवी का निधन 20 साल पहले हो चुका है। इकलौता बेटा जितेंद्र सूरत में पेंटिंग का काम करता है।
घर पर बहू गुड़िया देवी तीन बच्चों के साथ रहती हैं। बहू गुड़िया ने बताया कि मंगलवार रात खाने को कहा तो तबीयत ठीक न होने की बात कहकर मना कर दिया। बुधवार सुबह पड़ोसियों के शोर पर घर के पीछे गई तो शव छड़ से लटका मिला। सूचना पर भलुअनी पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों में मारकर टांगने की चर्चा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।