संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। मतदान के दौरान सलेमपुर नगर पंचायत के दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच फर्जी मतदान कराने की बात कहते हुए झड़प हो गई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को हल्के बल प्रयोग करना पड़ा। इसे लेकर घंटों माहौल गर्म रहा।
बृहस्पतिवार सुबह से मतदान शुरू होने के बाद सभी बूथों पर मौजूद उम्मीदवारों के एजेंट सतर्क रहे। दोपहर तक कहीं-कहीं हल्की झड़प और कहासुनी देखने को मिली। दोपहर बाद करीब तीन बजे नगर पंचायत कार्यालय के पास दो प्रत्याशियों के समर्थकों में झड़प हो गई। आरोप था कि एक उम्मीदवार के समर्थक फर्जी तरीके से वोट अपने पक्ष में डलवा रहे हैं, जब इसका विरोध दूसरे पक्ष के लोगों ने किया तो वह मारपीट पर उतारु हो गए। इसे लेकर कहासुनी होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष के समर्थक आपस में भिड़ गए। वहां मौजूद पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। हंगामे को लेकर करीब एक घंटे तक माहौल गर्म रहा। इसकी जानकारी मिलते ही एसडीएम अरुण कुमार, सीओ देवआनंद लार का जायजा लेते हुए सलेमपुर के मां अष्टभुजी देवी स्कूल के बूथ पर पहुंचे, जहां मतदान के लिए लाइन में लगे लोगों के फोटो पहचान पत्र की जांच की। मतदाताओं की अंगुली देखी कि कोई कहीं दोबारा मतदान तो करने नहीं आएं हैं। हालांकि कोई फर्जी मतदान करते नहीं मिला। इसके बाद एसडीएम और सीओ लिटिल फ्लावर स्कूल के बूथ पर पहुंचे। वहां काफी समय तक डटे रहे। मतदाताओं की संख्या चार बजे के बाद काफी कम हो गई। एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि फर्जी आधार कार्ड पर मतदान कराने का आरोप लगाया जा रहा था, लेकिन बूथ पर जाकर जांच की गई तो वहां कुछ ऐसा नहीं मिला। वहीं कोतवाल गोपाल पांडेय ने बताया कि किसी बात को लेकर दो उम्मीदवारों के समर्थकों ने आपस में कहासुनी की थी, जिसे समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया।