मेडिकल कॉलेज में एलर्जी, सर्दी, जुकाम, बुखार, उल्टी व दस्त से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। इन दिनों दिन में तेज धूप के बाद रात में ठंड महसूस हो रही है। इसमें थोड़ी सी लापरवाही सेहत पर भारी पड़ रही है। वायरल की चपेट में आने से बच्चे और बड़े बीमार पड़ रहे हैं। सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या अस्पतालों में बढ़ गई है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में शनिवार को 192 लोग इलाज के लिए आएं। चिकित्सक दवा के साथ लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
मौसम बदलने पर बैक्टीरिया तेजी से फैलता है। कम इम्युनिटी के लोग आसानी से इसकी चपेट में आ जाते हैं। इस समय दिन में गर्मी होने पर लोग पंखा और एसी चला रहे हैं। रात में ठंड लग रही है। रात में इसका उपयोग नहीं कर रहे हैं। इस बीच थोड़ी लापरवाही से सेहत बिगड़ जा रही है। मेडिकल कॉलेज में शनिवार को ओपीडी में एलर्जी, सर्दी, जुकाम, बुखार, उल्टी, दस्त से पीड़ित लोग पहुंचे। मेडिसिन में 50, चेस्ट में 60 और बाल विभाग में 82 मरीजों का डॉक्टरों ने इलाज किया। मरीजों को ठीक होने में पांच से सात दिन का समय लग रहा है।
-
डॉ. विजय कुुमार गुप्ता, डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि इधर वायरल के मरीज बढ़े हैं। बदलते मौसम में वायरस संक्रमण तेजी से होता है। लापरवाही से एलर्जी के मरीजों की दिक्कत बढ़ जाती है। वहीं खानपान पर ध्यान न देने व पानी में इंफेक्शन से लोग बीमार हो जाते हैं। उन्हें छींक, गले में खरास, बुखार, सर्दी, खांसी हो जाती है। दिक्कत होने पर एंटी एलर्जी तथा भांप लें और डॉक्टर से संपर्क कर इलाज कराएं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि इन दिनों सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित अधिक संख्या में बच्चों आ रहे हैं। बच्चों की रोग प्रतिरोध क्षमता कम होने के कारण वह चपेट में आ जाते हैं। बच्चों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
-
- धूप से आने के बाद ठंडा पीने से तबीयत खराब हो गई। तीन दिन से खांसी और बुखार से परेशान हूं। दवा ली पर ठीक नहीं हुआ।
रागिनी, बगहा चौरी
- बारिश हल्की हो रही थी। उसमें काम करते समय भींग गया। अगले दिन से बुखार, शरीर में दर्द सर्दी हो गया है। चौराहे से दवा लेने पर आराम नहीं मिला।
चंद्रशेखर, जोकहा खास
ये बरतें सावधानी
- ठंडी चीजों का सेवन करें
- फ्रीज का पानी न पीएं
- सुबह शाम की ठंड से बचें, फूल बांह का कपड़ा पहनें
- बाहर व खुले में बिकने वाले सामानों का सेवन न करें
- हरी सब्जी, मौसमी फल का सेवन करें
- मास्क लगाएं
- मां बच्चों को अपना दूध पिलाएं
- सुबह टहलें, योगा व हल्का व्यायाम करें
तीन दिन में 351 मरीजों का हुआ इलाज
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में तीन दिन में सर्दी, जुकाम, बुखार, खांसी, उल्टी, दस्त से पीड़ित 351 मरीजों को इलाज किया गया। इसमें 30 मार्च को 110, 31 मार्च को 149 तथा एक अप्रैल को 192 मरीज शामिल रहे।