खुखुंदू में चलती बाइक पर लोहे की राड से हुए हमले का मामला
खुखुंदू। आपसी रंजिश के कारण चलती बाइक पर लोहे की राड से छात्रों पर हमला हुआ था। पुलिस ने इस मामले में छात्र प्रतीक विश्वकर्मा की तहरीर पर छह लोगों और दूसरे पक्ष से सूरज प्रसाद की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे धाराएं बढ़ाई जाएंगी। उधर, पुलिस लूट की घटना से इंकार कर रही है, जबकि घटना का शिकार छात्र प्रतीक मोबाइल फोन लूटे जाने की बात कह रहा है।
बरवां उपाध्याय गांव निवासी सत्येंद्र विश्वकर्मा (20) और प्रतीक विश्वकर्मा (19) मंगलवार देर शाम एक ही बाइक से परसिया मिश्र चौराहे से लौट रहे थे। देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर बरडीहा लाला इंटर कॉलेज के पास घात लगाकर बैठे युवकों ने लोहे की राड से प्रतीक और सत्येंद्र पर हमला कर बेरहमी से पिटाई की।पुलिस को की कई शिकायत में प्रतीक ने आई फोन लूटने का भी आरोप लगाया।
पुलिस ने प्रतीक की तहरीर पर गांव के ही रहने वाले अभिषेक शर्मा, कृष्णा शर्मा, गृजेश शर्मा, शिवाकांत शर्मा, आकाश शर्मा और डुमरिया लाला कुसहां टोला निवासी सूरज प्रसाद तथा हमलावर पक्ष के सूरज प्रसाद की तहरीर पर छात्र सत्येंद्र विश्वकर्मा, प्रतीक विश्वकर्मा एवं मिथुन, प्रिंस और सुनील के खिलाफ बलवा, मारपीट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है।