छात्रसंघ चुनाव के लिए बीआरडी पीजी में छात्रों ने की गेटबंदी
कॉलेज परिसर में पहुंची पुलिस, प्राचार्य ने चार सितंबर के बाद मिलने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर शहर स्थित बीआरडी पीजी कॉलेज के छात्रों ने बृहस्पतिवार को प्रवेश द्वार को बंद कर धरना दिया। उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। हंगामा बढ़ते देख प्राचार्य ने कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए छात्रों को शांत कराया। अंत में ज्ञापन सौंपा गया।
नेतृत्व कर रहे छात्र सूरज यादव ने कहा कि कॉलेज में चार साल से छात्रनेता छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। बावजूद इसके उनकी मांगों को ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस पर आक्रोशित होकर छात्रों को यह मार्ग अपनाना पड़ा। कॉलेज प्रशासन लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के आधार पर जब तक चुनाव नहीं कराता, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।
धरने में मुकेश गुप्ता, बृजेश पटेल, करमवीर सिंह, सोनू विश्वकर्मा, मुकेश यादव, अंकुश चौधरी, संदीप, ऋषिकेश, सर्वेश, अनूप, अंकित, विकास, अंश आदि शामिल रहे। उधर, प्राचार्य डॉ. शरद चंद्र मिश्र ने कहा कि अभी कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। चार सितंबर तक विश्वविद्यालय की परीक्षाएं होनी हैं। छात्रों को चार सितंबर के बाद इस मामले को लेकर मिलने का आश्वासन दिया गया है। छात्रों के हंगामे को देखते हुए कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई थी।