देवरिया। चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर लैंडिंग का प्रसारण जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में किया गया। चंद्रयान के चंद्रमा पर सुरक्षित लैंडिंग देख छात्र झूम उठे। शिक्षक भी हर्षित हो उठे और एक-दूसरे को बधाई दी। कुछ जगहों पर मिठाइयां बांटी गईं।
बनकटा विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय अहिरौली बघेल गजहड़वा पर उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि अब भारत चंद्रमा के दक्षिणी हिस्से पर लैंडिंग करने वाला विश्व का पहला देश बन गया है। चंद्रमा की सतह पर वैज्ञानिकों को नए प्रयोग करने व चंद्रमा के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने में मदद होगी तथा चंद्रमा पर मानव मिशनों की योजना बनाने में मदद करेगी। कहा कि चंद्रमा पर पानी की खोज करना, भारत को चंद्रमा पर मानव मिशनों को और अधिक व्यवहारिक बना देगा तथा चंद्रमा की सतह पर चट्टानों और मिट्टी के नमूने एकत्र करना, भारत को चंद्रमा के इतिहास और भूविज्ञान के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने में मदद करेगा। साथ ही चंद्रमा की सतह पर चट्टानों और मिट्टी के नमूनों का विश्लेषण करना भारत को चंद्रमा के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने में मदद करेगा। कहा कि भारत के वैज्ञानिकों ने पूरे विश्व को आईना दिखा दिया है कि हम किसी से कम नहीं, हम वह सब कर सकते हैं जिसकाे दुनिया सोच नहीं सकती। इस दौरान रामाजी यादव, संजय कुशवाहा, रमेश राम, यादवेंद्र, पंकज शुक्ला, ग्राम प्रधान रामइकबाल यादव आदि मौजूद रहे।
रामपुर कारखाना नगर पंचायत स्थित जनता इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने प्रोजेक्टर के माध्यम से चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग देखी और भारत मां की जय के नारे भी लगाए। प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने छात्रों को बताया कि चंद्रयान-3 मिशन भारत के लिए एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक उपलब्धि है। यह मिशन भारत को चंद्रमा पर लैंडिंग करने वाले तीसरे देश बना दिया है। इस दौरान राकेश पांडेय, विशाल, देवव्रत पांडे आदि सफलता का गवाह बने।
अधिवक्ताओं में खुशी
देवरिया। अधिवक्ताओं ने बैठक कर चंद्रयान-3 के चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड कर कीर्तिमान स्थापित करने पर इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई दी। अधिवक्ता आशुतोष समीर की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि यह हमारे लिए बहुत गर्व की बात है कि हम चांद पर भी पहुंच गए। आज पूरा देश इसरो के वैज्ञानिकों के इस प्रयास से अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहा है। इसरो के वैज्ञानिकों को बधाई देने वालों में अधिवक्ता पंकज शर्मा, अमन वर्मा, विनय गुप्ता, रानू श्रीवास्तव, गजेंद्र मिश्रा, बृजेश विश्वकर्मा आदि शामिल रहे। संवाद
चंद्रयान की सफल लैंडिंग पर जलाए पटाखे, बांटी मिठाई
सलेमपुर। चंद्रयान के सफल लैंडिंग पर जगह-जगह पटाखे जलाए गए तथा मिठाई बांटी गई। क्षेत्र के चेरो, आरएल एकेडमी समेत कई स्कूलों में बच्चों ने लैडिंग का लाइव प्रसारण देखा। पटाखे फोड़े गए। लार के युवाओं ने बस स्टैंड के पास पटाखे छोड़ व मिठाई बांट खुशियां मनाई। युवाओं ने देशभक्ति के नारे भी लगाए। युवाओं ने कहा हमारे वैज्ञानिक ने असंभव को संभव कर दिया। हमें अपने वैज्ञानिकों पर नाज है। इस दौरान शिक्षक शिशिर राय, विवेकानंद यूथ अवार्ड के विजेता साहू विशाल गुप्ता,आशुतोष कुशवाहा, विशाल मोदनवाल, बसीर लारी, वसीम लारी आदि मौजूद रहे। संवाद