देवरिया जिले में बरहज क्षेत्र के बेलडॉड स्थित रामजानकी मार्ग पर मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से साइकिल सवार दो छात्र घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। इसमें गांव के ही नीरज प्रजापति (14) पुत्र रामबृजेश की मौत हो गई। जानकारी होने पर घर में रोना-पिटना मच गया।
बेलडॉड गांव निवासी रामबृजेश का सबसे छोटा पुत्र नीरज गांव के ही प्रिंस शर्मा (15) पुत्र अशोक के साथ साइकिल से चौराहे पर जा रहा था। लोगों के अनुसार दोनों सड़क पर पहुंचे थे। इसी बीच कपरवार की ओर से आ रही तेज और अनियंत्रित ट्राली ने साइकिल में टक्कर मार दिया। जिससे दोनों घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने नीरज की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं प्रिंस को हलकी चोट लगने के कारण उपचार कर घर भेज दिया गया। नीरज के मौत की जानकारी होने पर मां बर्फी देवी दहाड़ें मारने लगी। जबकि बहन रानी का रो-रोकर बुरा हाल था।
ग्रामीणों के अनुसार, नीरज के दूसरे नंबर के भाई दुर्गेश की पूर्व में सर्पदंश से मौत हो चुकी है। बेटे के मौत की जानकारी होने पर बाहर रह रहे पिता रामबृजेश गांव के लिए चल दिए हैं। चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है।