गड़ेर। स्थानीय चौराहे के पास मंगलवार की शाम ट्रक की चपेट में आने से कक्षा चार के छात्र की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव और ट्रक को कब्जे में ले लिया। जानकारी होने पर आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। छात्र अपने पिता के साथ साइकिल से गड़ेर जा रहा था, जो हादसे का शिकार हो गए। पिता के घायल होने की भी बात सामने आ रही है। भलुअनी थाना क्षेत्र के सोनखरिका गांव निवासी विनोद गोंड़ अपने 10 वर्षीय पुत्र वीरू गोंड़ को साइकिल से गड़ेर जा रहे थे। दोनों मां जलपा मंदिर मोड़ के पास देवरिया मार्ग पर पहुंचे थे। इसी बीच पीछे से आ रही ट्रक ने टक्कर मार दिया, जिससे वीरु ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क जाम होने से दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।