राजकीय पालीटेक्निक के पास हुई घटना, बाइक पर पीछे बैठी चचेरी बहन घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर सदर कोतवाली क्षेत्र के औरा चौरी गांव के पास शनिवार को देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। हादसे में बाइक के पीछे बैठी एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल किशोरी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
गौरी बाजार कस्बे के वार्ड संख्या 10 किसान नगर निवासी शिवम मद्धेशिया पुत्र रमेश मद्धेशिया जीआईसी देवरिया में कक्षा 11वीं का छात्र था। शनिवार को देर शाम वह अपने गांव की चचेरी बहन सोनी मद्धेशिया पुत्री लाल बहादुर मद्धेशिया को बाइक के पीछे बैठा कर वापस घर लौट रहा था। इसी बीच गोरखपुर- देवरिया मुख्य मार्ग पर औरा चौरी के पास एवं राजकीय पॉलीटेक्निक के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां डाॅक्टरों ने गंभीर हालत देखकर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। उधर गंभीर रूप से घायल सोनी मद्धेशिया का उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है। घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। तीन भाइयों में मझले शिवम की आकस्मिक मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।