बरहज के गड़ेर में शोपीस बना खराब स्ट्रीट लैंप संवाद
गड़ेर चौराहे पर नहीं है समुचित प्रकाश की व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के गड़ेर चौराहे पर प्रकाश व्यवस्था को लेकर लगाया गया स्ट्रीट लैंप करीब छह माह से खराब पड़ा हुआ है, जिससे स्ट्रीट लैंप शो पीस बना हुआ है। प्रकाश व्यवस्था ध्वस्त हो जाने के कारण शाम ढलते ही चौराहे पर अंधेरा छा जा रहा है। लोगों की चहलकदमी की जगह जानवरों शोरगुल सुनाई देने लगते हैं।
जनपद मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर बरहज मार्ग पर स्थित गड़ेर चौराहे पर लोगों की सहूलियत के लिए स्ट्रीट लैंप लगाया गया है। लैंप काफी दिनों से खराब पड़ा हुआ है। शिकायत के बाद आज तक कोई पुरसाहाल नहीं है। दुकानदार दिनेश चौरसिया, रामआशीष गुप्त, रामकिशुन, पप्पू बरनवाल आदि का कहना है कि समय से पहले चौराहे पर अंधेरा हो जाने से दुकानें बंद हो जा रही हैं। लोगों का यह भी कहना है कि चौराहे पर अंधेरा होने के कारण अक्सर चोरी जैसी छोटी-बड़ी घटनाएं हो रही हैं। चौराहे पर लाइट का प्रबंध न होने से लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। स्ट्रीट लैंप का पोल भी जर्जर हो गया है, जो कभी टूट कर गिर सकता है। एसडीएम योगेश कुमार ने बताया कि इसकी जांच कराकर कार्यदायी संस्था से दुरुस्त कराया जाएगा।