जरूरी कार्य से निकले लोग भीगते हुए घर पहुंचे, देसही देवरिया, बघौचघाट, रामपुर कारखाना व तरकुलवा में तेज हवा संग हुई बारिश
बेमौसम
फोटो समाचार-20डीईओ 139
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बेमौसम बरसात से शहर के कई मोहल्लों की सड़कों पर पानी भर गया। सोमवार दोपहर बाद बारिश के कारण जिला मुख्यालय की सड़कों पर सन्नाटा भी देखने को मिला। रविवार के मुकाबले सोमवार को एक डिग्री सेल्सियस पारा गिर गया। इसकी वजह से लोगों ने ठंड भी महसूस की।
सोमवार भोर में ही जिले के देसही देवरिया, बघौचघाट, रामपुर कारखाना, तरकुलवा सहित अन्य क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे गेहूं की फसलें गिर गईं। जबकि शहर में करीब दोपहर बाद तीन बजे बारिश शुरू हुई और देर शाम तक होती रही। इसके चलते शाम को लोग छाता के सहारे बाजार करते देखे गए। शहर के उमानगर, रामगुलाम टोला, चकियवा, देवरिया खास, छोटीकी बभनी, रामनाथ देवरिया में कई जगहों पर कीचड़ और जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आसमान में बादल होने से दिन में ही अंधेरा छा गया। जिससे चालक वाहन की लाइट जलाकर चल रहे थे। कोचिंग पढ़कर छात्र भीगते हुए घर पहुंचे। वहीं नौकरी, पेशे पर आए लोगों को भी भींग कर घर जाना पड़ा।
-
बेमौसम बारिश से तबीयत खराब होने की संभावना रहती है। बारिश से भींगने से सर्दी, जुकाम, बुखार हो जाता है। इस मौसम में छोटे बच्चों को ध्यान देने की जरूरत है। अगर बुखार आए तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
डॉ. एचके मिश्राबाल रोग विशेषज्ञ
-
बारिश से किसान परेशान, चिंता बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
बघौचघाट। तीन दिन से मौसम खराब है। बारिश व तेज हवा से गेहूं की फसलें खेत में गिर गई हैं। इससे गिरी फसल के दाने झड़ने के आसार बढ़ने लगे हैं। इसे लेकर किसान चिंतित हैं। शुक्रवार से रुक-रुक बारिश हो रही है। शनिवार रात बारिश से खेतों में पानी लग गया। वहीं सोमवार दोपहर में फिर बारिश हुई, जिससे किसान परेशान हो गए। बारिश से गेहूं का पौधा कमजोर हो गया था और बाली का हिस्सा भारी हो गया था, क्योंकि फसल पक कर तैयार हो रहा थी। वहीं सरसों के दाने भी काले पड़ जाएंगे और सड़ने लगेंगे।
इस साल अच्छी फसल होने की उम्मीद थी। पर चार दिन से हो रही बारिश ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब तो गेहूं की पैदवार काफी प्रभावित हो जाएगी।
बेनी माधव शुक्ल, किसान, शाहपुर शुक्ल
-
कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से गेहूं की फसल के सड़ने के असार हो गए हैं। गेहूं की फ़सल अच्छी थी। इस साल अधिक पैकावार की उम्मीद थी, अब समाप्त हो गई है।
धर्मेंद्र गुप्ता, किसान, हरि महुअवा
बारिश से गेहूं की पैदवार पर काफी असर पड़ेगा। जो गेहूं की बाली हरी है, वह कुछ ठीक हो जाएगी, लेकिन पककर तैयार गेहूं के दाने काले पड़ जाएंगे। वहीं अधिक नमी से आम के बौर कीडों की चपेट में आ जाएंगे। किसान बारिश खुलने के बाद कीटनाशक का प्रयोग जरूर करें।
रजनीश श्रीवास्तव
प्रभारी विज्ञान केंद्र मल्हनी
-
दिन में बादल छाने से अंधेरा, दोपहर से हुई बारिश
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। तहसील क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम ने करवट ले लिया।आसमान में बादल छाए रहे। इसके कारण अधिकांश क्षेत्रों में दिन में अंधेरा छा गया था। दोपहर बाद से बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी है। बरसात के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। सड़कों और चौराहों पर समय से पहले सन्नाटा पसर गया। प्रगतिशील किसान देवेश चंद्र सिंह, अजय प्रताप सिंह, कृष्णमोहन पाठक, ज्ञानेश्वर सिंह का कहना है कि दो दिन पहले आए आंधी-पानी से किसानों की फसलें खेतों में गिर गईं। इससे काफी नुकसान पहुंचेगा।
-
बारिश से बड़ी ठंड
फोटो समाचार 20 डीईओ 160
सलेमपुर। मौसम का मिजाज सोमवार को बिगड़ गया। सुबह अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई। दोपहर में भी बूंदाबांदी हुई। नगर के पाठशाला रोड से स्टेशन की तरफ जाने वाली रोड पर पानी भर गया। बारिश से सर्दी बढ़ने से लोगों को एक बार फिर ऊनी कपड़े निकालने पड़े।
-
अस्पताल परिसर में जलजमाव से मरीज परेशान
फोट़ो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। नगर के पीएचसी परिसर में सोमवार को हुई बारिश से जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे इलाज कराने आए मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जलभराव से सबसे अधिक दिक्कत गर्भवती व उनके परिजनों को हो रही है। सोमवार को पीएचसी पर आए नगर के मनीष कुमार, राधेश्याम तिवारी, भिंगारी बाजार के सुरेंद्र सिंह, बंगरा बाजार के मनोज कुशवाहा आदि ने बताया कि जलभराव होने से उन्हें वाहन खड़ा करने तथा ओपीडी जाने में परेशानी हो रही है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. इमाम हुसैन सिद्दीकी ने बताया कि जलभराव से निजात पाने के लिए जल निकासी की व्यवस्था जल्दी कराई जाएगी।