तरकुलवा-बंजरिया मार्ग पर परसौनी मोड़ के पास हुआ हादसा
लोगों की भीड़ के चलते आधा घंटा तक सड़क पर आवागमन रहा प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तेज रफ्तार बाइक सवार ने साइकिल सवार किशोरी को टक्कर मार दी। हादसे में किशोरी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरी को सीएचसी तरकुलवा भेजवाया। जहां हालत गंभीर देखकर डाॅक्टरों ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के दूबे टोला गांव की रहने वाली दिव्या (17) पुत्री कृष्ण मुरारी गोंड मंगलवार शाम को साइकिल से खेत देखने गई थी। लौटते समय तरकुलवा-बंजरिया मार्ग पर परसौनी मोड़ के समीप तरकुलवा की ओर से आ रहे बाइक सवार थाना क्षेत्र के चनहत्ता निवासी विकास पुत्र राजकुमार ने उसकी साइकिल में सामने से टक्कर मार दी। इससे दिव्या सड़क पर गिर पड़ी और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। तरकुलवा साप्ताहिक बाजार होने के चलते हादसे के बाद घटना स्थल पर बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। दो पहिया वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधा घंटा तक आवागमन प्रभावित रहा। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल किशोरी को सीएचसी भेजवाया। जहां हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।