मदरसा बोर्ड परीक्षा के दौरान जनता इंटर कॉलेज रामपुर कारखाना में जांच करते विशेष सचिव आनंद कुमार
सेकेंड्री, सीनियर सेकेंड्री, कामिल एवं फाजिल परीक्षाओं को नकल विहीन कराने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। उप्र मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से सेकेंड्री (मुंशी, मौलवी), सीनियर सेकेंड्री (आलिम), कामिल एवं फाजिल की परीक्षा संचालित की जा रही है। परीक्षा के नकल विहीन सुचितापूर्ण संचालन के मद्देनजर नोडल अधिकार व अल्पसंख्य कल्याण एवं वक्फ विभाग के विशेष सचिव परीक्षा केंद्रों का बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षार्थियों के कक्षों तथा परीक्षा कंट्रोल रूम को भी देखा।
शासन ने आजमगढ़, गोरखपुर एवं वाराणसी मंडल के जनपदों के लिए विशेष सचिव आनंद कुमार सिंह को नोडल अधिकारी नामित किया है। उन्होंने जनपद स्थित परीक्षा केंद्र जनता इंटर कालेज, रामपुर कारखाना, आचार्य नरेंद्र देव इंटर कालेज पथरदेवा, मदरसा इस्लामिया महुआरी, मदरसा गौसिया अनवारूल उलूम मलसीखास पथरदेवा, मदरसा अंजुमन इस्लामिया जैनबतुल बनात बजरहां बचौचघाट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षार्थियों के कमरों का निरीक्षण किया गया और परीक्षार्थियों व कक्ष निरीक्षको से बात भी की। परीक्षा केंद्र स्थित कंट्रोल रूम, वेब कास्टिंग कक्ष को देखा। प्रधानाचार्य व केंद्र व्यवस्थापकों ने बताया कि रजिस्ट्रार कार्यालय लखनऊ द्वारा उपस्थिति एवं अनुपस्थिति गूगल शीट के माध्यम से प्रतिदिन, ही पाली की सूचना दर्ज कर दी जाती है तथा अनुपस्थित परीक्षार्थियों की सूचना मदरसा पोर्टल पर पालीवार अंकित होता है। विशेष सचिव ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज कुमार अग्रवाल से परीक्षा संबंधी सभी केंद्रों पर प्रत्येक दिन के निरीक्षण तथा उपस्थित व अनुपस्थिति तथा परीक्षा केंद्र पर लगे अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी के बारे में जानकारी ली।