देवरिया। सपा ने फतेहपुर सामूहिक हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। बृहस्पतिवार को पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मिलकर मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। कहा कि मामले में किसी निर्दोष को सजा न हो। इसके साथ ही पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की बात कही।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि दो अक्तूबर को फतेहपुर में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। समाजवादी पार्टी इस पर गहरा दुख व्यक्त करती है। जिले को जातीय द्वेष और संघर्ष की तरफ धकेलने की कोशिश करने वाली प्रवृत्तियों की पार्टी निंदा करती है। साथ ही दोनों पक्षों को सहयोग व संरक्षण की मांग के साथ ही निष्पक्ष न्याय एवं सद्भाव के लिए उचित निर्णय लेने का आग्रह करती है। नेताओं ने घटना की सीबीआई से न्यायिक जांच कराने, जांच के दौरान सभी गिरफ्तारियां और उत्पीड़न की कार्रवाई को रोकने की मांग की।
उन्होंने कहा कि फसल लगी होने के कारण सही पैमाइश कराना काफी कठिन कार्य है। ऐसे में फसल कटने तक बुलडोजर की कार्रवाई रोकने, घटना के असली जिम्मेदार लापरवाह एवं दोषी अधिकारियों को दंडित किए जाने, प्रत्येक मृतक को एक-एक करोड़ की आर्थिक मदद एवं उनके परिवार की सुरक्षा का समुचित प्रबंध, सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने एवं घटना को जातीय संघर्ष का रूप देने वालों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री ब्रह्माशंकर त्रिपाठी, राधेश्याम सिंह, पूर्व सांसद कनकलता सिंह, जिलाध्यक्ष व्यास यादव, गजाला लारी आदि शामिल रहे।