प्रतापपुर चीनी मिल के सहायक विक्रय अधिकारी सोमेंद्र नाथ शर्मा की मौत का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपार रानी /प्रतापपुर। प्रतापपुर चीनी मिल के सहायक विक्रय अधिकारी सोमेंद्र नाथ शर्मा का शव बृहस्पतिवार को भी मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। दरअसल मृतक की पत्नी आशा देवी ने केस दर्ज होने तक डेडबॉडी लेने से इन्कार कर दिया है। केस दर्ज नहीं होने पर आशा देवी ने डीएम से मिलने की बात कही है। उधर पुलिस का कहना है कि जांच चल रही है। अगर घटना संदिग्ध लगी तो केस दर्ज किया जाएगा। इस मामले में आशा देवी ने दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर श्रीरामपुर थाने में दी है। सोमेंद्र का शव अभी जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी मे रखा गया है।
आशा देवी ने बताया कि मंगलवार रात 11 बजे तक सोमेंद्र की परिवार के लोगों से बात हुई। वह पूरी तरह से ठीक थे। किसी ने हत्या कर उनका शव लटका दिया। उन्होंने मांग की है कि उन्हें दरवाजा तोड़ने सहित पुलिस की कार्रवाई का पूरा वीडियो उपलब्ध कराया जाए। मिल प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सोमेंद्र की मौत की जानकारी उन्हें काफी देरी से दी गई। इससे पूरी घटना संदिग्ध जान पड़ती है। बृहस्पतिवार रात वह पोस्टमार्टम हाउस से सीधे प्रतापपुर चीनी मिल पहुंचीं और घटना के बारे में जानकारी ली। वह सबसे पहले उस आवास में गईं, जहां उनके पति रहते थे। कमरे में जाने पर उन्होंने सारे सामान को बिखरा हुआ पाया। वहां से निकलकर वह सीधे श्रीरामपुर थाने पहुंची। वहां उन्होंने नामजद तहरीर देकर थाना अध्यक्ष राजू सिंह से कार्रवाई की मांग की। हालांकि अभी इस मामले में केस नहीं दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष बोले, पहली पत्नी के आने पर होगी कानूनी कार्रवाई
आशा देवी ने बताया कि जब उन्होंने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की तो उन्होंने मुझे सोमेंद्र की पत्नी मानने से इनकार कर दिया। कहा कि सोमेंद्र की पहली पत्नी के आने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पर जब आशा देवी ने अपना आधार कार्ड तथा जीवन बीमा का नामनी प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया, तब भी थानाध्यक्ष ने उन्हें पत्नी मानने से इनकार कर दिया। थाना अध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि जब तक मृतक की पहली पत्नी नहीं आती हैं, तब तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी । उससे पूछताछ के बाद ही कोई कानूनी कार्रवाई की जाएगी।