सलेमपुर। सामाजिक न्याय सम्मेलन एक अक्तूबर को देवरिया में आयोजित किया गया है। शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में आयोजक राष्ट्रीय समानता दल के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप ने कहा कि इंडिया गठबंधन सहयोगी मंच के तत्वावधान में सम्मेलन में राष्ट्रीय समानता दल, सीपीआई माले, सीपीएम, सीपीआई आदि संगठनों के लोग मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि देश की राजनीति संक्रमण दौर से गुजर रही है। बीजेपी की सरकार पूरी तरह से पीडीए समाज की विरोधी है। पीडीए समाज के कुछ लोगों को आगे करके समाज का वोट लेने का काम किया गया। यह समाज के साथ धोखा है। पीडीए समाज का कोटा निर्धारण किए बगैर महिला आरक्षण बिल पास कर लेना इस बात का प्रमाण है कि समाज को उसका हक व सम्मान बीजेपी देना नहीं चाहती है। जातिगत जनगणना का बीजेपी विरोध करती है। केंद्र व प्रदेश की बीजेपी सरकार पूरी तरह से पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक विरोधी है। संविधान बचाओ, जातिगत जनगणना कराओं, हक, अधिकार, सम्मान बचाओ, इन्हीं सवालों को लेकर सामाजिक न्याय महासम्मेलन आयोजित है। सम्मेलन के मुख्यअतिथि पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी होंगे। जबकि अध्यक्षता राष्ट्रीय समानता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोतीलाल शास्त्री करेंगे। इसमें पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद, आरएस कुशवाहा तथा राज्य सचिव माले सुधाकर यादव, राज्य सचिव सीपीएम हीरालाल यादव आदि हिस्सा लेंगे।