-लोकसभा चुनाव : बूथों पर हुआ मतदाता सूची का प्रकाशन
-बूथों पर शपथ दिलाकर मतदाता जागरूकता पर आयोजित हुए कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। लोकसभा चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग की तरफ से बूथों पर मतदाता सूची का प्रकाशन हुआ। इस बार मतदाता सूची में विधान सभा क्षेत्र में छह हजार नए मतदाता बढ़ गए हैं। बुधवार को बूथों पर मतदाताओं को शपथ दिलाकर मतदान के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूलों में पोस्टर, वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित हुई।
नई सूची में रुद्रपुर विधान सभा में 3,16,397 वोटर है, इसमें 1,63,109 पुरुष और 1,53,274 महिला वोटर शामिल हैं। क्षेत्र में 14 थर्ड जेंडर वोटरों के अलावा 4,669 युवा मतदाता और 5,232 बुजुर्ग वोटर हैं। 2,330 दिव्यांग वोटरों का भी नाम शामिल है। बूथों पर मतदाता सूची का प्रकाशन होने के बाद निर्वाचन आयोग बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने की तैयारी में जुटा है। इसको लेकर बूथ वाले स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। क्षेत्र के माहीगंज, कंपोजिट विद्यालय रुद्रपुर, रामजी सहाय पीजी कॉलेज, हड़हा, हौली बलिया, जगरनाथपुर, नगवा, मदनपुर, खोरमा, पिड़हनी, नकईल, देवकली जयराम, एकला मिश्रौलिया, जाफराबाद, मनिहरपुर आदि स्कूलों पर मतदाता जागरूकता पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने हिस्सा लिया।
इस दौरान विंध्यवासिनी पांडेय, देवेंद्र प्रताप यादव, उदयभान भारती, देवेंद्र जैसवार, मनोज भाटिया, घनश्याम तिवारी आदि मौजूद रहे। एसडीएम रत्नेश तिवारी ने कहा कि मतदाता दिवस पर नगर सहित क्षेत्र के बूथों पर जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
-
नव मतदाता सम्मेलन आज
रुद्रपुर। भाजपा की ओर से डीएन इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर नव मतदाता सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण का सजीव प्रसारण किया जाएगा। यह जानकारी भाजयुमो नेता मदन उपाध्याय ने दी। संवाद