संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कसया ढाला के पास एक दवा की दुकान में शुक्रवार की देर से शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान से धुआं उठता देख लोगों को इसकी जानकारी हुई। लोगों और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद काबू पाया। घटना में करीब 14 लाख रुपये के क्षति का अनुमान है।
शहर के रामगुलाम टोला निवासी अविनाश कुमार वर्मा उर्फ बिट्टू की कसया ढाला के पास दवा की दुकान वर्मा मेडिकल स्टोर के नाम से है। दुकान स्वामी शुक्रवार की देर शाम दुकान बंद कर घर चले गए। इसी बीच रात करीब डेढ़ बजे शाॅर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। धीरे-धीरे आग तेजी से फैल गई और दुकान से धुआं निकलने लगा। आसपास के लोगों ने यह देख शाेर मचाना शुरू किया और दुकान स्वामी को घटना की जानकारी दी। साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
लोगों ने दुकान का शटर खोला तो आग की लपट के कारण पीछे हट गए। इसी बीच फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंच गई। वहां मौजूद लोगों की मदद से अग्निशमन कर्मी आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग बुझी, लेकिन दुकान में रखी दवा, दुकान में रखी टीवी, काउंटर सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकानदार अविनाश ने बताया कि दुकान में रखी दवा सहित करीब 14 लाख रुपये का सामान जल गया है।