सलेमपुर। भटनी नगर के सिनेमा रोड में शनिवार की शाम एक दुकानदार की बाइक दुकान के सामने से चोरी हो गई। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने बगल के दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की, जिसमें चोर बाइक ले जाते दिखाई दिया। पुलिस आरोपी युवक की पहचान करने में जुटी है। भटनी नगर के हतवा वार्ड नंबर तीन निवासी अभिमन्यु मद्धेशिया सिनेमा रोड में दुकान चलाते हैं। वह दुकान के सामने बाइक खड़ी कर दुकानदारी में व्यस्त हो गए। शनिवार शाम करीब साढ़े तीन बजे अचानक उनकी नजर बाइक की तरफ गई तो गाड़ी गायब देख चौंक गए। आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की तो सबने अनभिज्ञता जताई। शिकायत पर पहुंची पुलिस ने बगल के एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरा की जांच की। जिसके फुटेज में एक युवक बाइक ले जाते दिखा। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस आरोपी की पहचान करने में जुटी है। एसओ डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि सिनेमा रोड में बाइक चोरी कर ले जाते एक युवक देखा गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द से आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। संवाद