करंट की चपेट से दुकानदार की मौत
दुकान के सामने झाड़ू लगाने के दौरान हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
लार। थाना क्षेत्र के धवरिया वार्ड निवासी पान का दुकानदार करंट की चपेट में आने से बृहस्पतिवार की देर रात झुलस गया। आनन-फानन उसे सीएचसी लार पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस मौके पर पहुंच घटना की छानबीन में जुट गई।
नगर के धवरिया वार्ड निवासी दिलदार चौहान का बेटा रवि चौहान (19) थाना गेट के समीप पान की दुकान चलाते थे। परिजनों के अनुसार बृहस्पतिवार की देर रात दुकान के सामने झाड़ू लगा रहे थे। इसी बीच दुकान के सामने लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे में उनका पैर सट गया। इससे वह करंट की चपेट में आकर झुलस गए। चीख-पुकार की आवाज सुनकर लोग उन्हें लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजन जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे कि रास्ते में उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बेटे की मौत से दिव्यांग पिता दिलदार चौहान बदहवास हो गए। वहीं, मां उर्मिला देवी गश खाकर गिर पड़ीं। मौजूद महिलाओं ने उन्हें संभाला। भाई राजकुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक नवीन सिंह ने बताया कि युवक की मौत करंट से हुई है। घटना की जांच की जा रही है।